वीएचएसएनडी सत्र में खामियों पर नाराजगी, गेहूं क्रय केंद्र पर पारदर्शिता व किसानों की सुविधाओं पर दिया जोर
धारा लक्ष्य समाचार

शफीक अहमद
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को विकास खंड सिधौली के आंगनवाड़ी केंद्र देवीपुर में संचालित वीएचएसएनडी सत्र तथा गल्ला मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताई गई, वहीं क्रय केंद्र पर पारदर्शिता और किसानों की सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
आंगनवाड़ी केंद्र देवीपुर में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यकर्त्री से उपकरणों की जानकारी ली और उनके समुचित उपयोग के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण अभिलेखों, ड्यू लिस्ट, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी रजिस्टर तथा सीएचसी रेफरल से संबंधित रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। आशा कार्यकर्त्री से वार्ता कर गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच भी कराई गई।
निरीक्षण में वीएचएसएनडी सत्र की तैयारियां अधूरी मिलने पर जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों पर नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अभिलेखों की जांच में एएनएम निधि देवी के रिकॉर्ड अद्यतन न पाए जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए, जबकि सीएचओ के पास अभिलेख न मिलने पर उनके वेतन इंक्रीमेंट में 5 प्रतिशत कटौती करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने गल्ला मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पंजीकृत किसानों के रजिस्टर का अवलोकन कर पंजीकरण की स्थिति जानी तथा गेहूं तौल से संबंधित अभिलेखों की समीक्षा की। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तौली गई बोरियों को अपने सामने पुनः तौलवाकर प्रक्रिया की जांच की।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन और व्यवस्थित रखें जाएं, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो। साथ ही भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) केंद्र का भी निरीक्षण कर फार्मर आईडी व अन्य दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि तौल के दौरान अनावश्यक प्रतीक्षा न कराई जाए। भुगतान व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों का भुगतान समय सीमा के भीतर उनके खातों में किया जाए, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं और गेहूं क्रय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें।
