व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीर दिखीं डीसीपी, जल्द होगी समन्वय बैठक।
पिंडरा। पुलिस कमिश्नरेट के गोमती ज़ोन की नवनियुक्त डीसीपी नीतू कादयान से शनिवार को बाबतपुर स्थित कार्यालय में क्षेत्र के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई दी और स्थानीय व्यापारिक समस्याओं से अवगत कराया।

व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता,जिला अध्यक्ष शुभम सिंह,फूलपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारी राजकुमार गुप्ता ‘राजू’, विक्की गोंड तथा मंगारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पप्पू सिंह,महिला अध्यक्ष अनिता सिंह,विरेंद्र सिंह,ने डीसीपी को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं—जैसे सुरक्षा व्यवस्था, यातायात अव्यवस्था और बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाओं को विस्तार से रखा।

डीसीपी नीतू कादयान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी व्यापार मंडलों के साथ एक संयुक्त बैठक उनके कार्यालय पर आयोजित की जाएगी। साथ ही थाना स्तर पर भी प्रत्येक माह नियमित बैठक कर व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि सुरक्षा और व्यवस्था दोनों सुदृढ़ रह सके।
डीसीपी के इस आश्वासन से व्यापारियों में उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सकेगा।
