स्वास्थ्य और शिक्षा पर बजट बढ़ाने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन।

वाराणसी आजाद अधिकार सेना द्वारा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बजट में वृद्धि की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन ए.डी.एम. (सिटी) आलोक कुमार को सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपते समय क्षेत्रीय अध्यक्ष पूर्वांचल क्षेत्र इंजीनियर आर.के. श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष वाराणसी सुरेश सेठ, मंडल उपाध्यक्ष मनोज विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) काजल कश्यप, जिला उपाध्यक्ष उत्तम सिंह, जिला महासचिव संतोष कुमार, कमलेश कुमार सिंह एवं बंटी सोनी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में बताया गया कि देश में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं पर कुल बजट का लगभग 1.8 प्रतिशत और शिक्षा पर मात्र 2.7 प्रतिशत ही खर्च किया जा रहा है। इस प्रकार दोनों बुनियादी क्षेत्रों पर कुल मिलाकर जीडीपी का लगभग 4.5 प्रतिशत व्यय हो रहा है, जो कि विकासशील देश के लिए पर्याप्त नहीं है।
इसके विपरीत अमेरिका, इंग्लैंड सहित अन्य विकसित देशों में स्वास्थ्य पर 20 से 30 प्रतिशत तथा शिक्षा पर 10 से 15 प्रतिशत तक खर्च किया जाता है। ज्ञापन में मांग की गई कि भारत में भी शिक्षा पर 15 से 18 प्रतिशत और स्वास्थ्य पर 12 से 15 प्रतिशत तक बजट आवंटन सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से सरकार से अपील की गई कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार बजट बढ़ाकर देश के समग्र विकास को गति दी जाए।

