व्यापारियों की समस्याओं पर मंत्री रविंद्र जायसवाल से भेंट, मासिक बैठक का आश्वासन।

वाराणसी महानगर उद्योग व्यापार समिति का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को स्टांप व पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल से उनके खोजवां स्थित आवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं जैसे दुकानों के सामने वाहनों पर चालान, पार्किंग की कमी, अतिक्रमण व अव्यवस्थित यातायात तथा जीएसटी संबंधी जटिलताओं को प्रमुखता से उठाया।
इसके अलावा लक्सा से गोदौलिया के बीच रोपवे निर्माण की धीमी गति और क्षतिग्रस्त मार्ग से हो रही असुविधाओं का मुद्दा भी रखा गया। व्यापारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए हर माह बैठक की मांग की।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अगले माह से मासिक बैठक आयोजित करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, जिससे व्यापारियों में संतोष का माहौल है।

