सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक अतिथि निवास ने संभाला नया कार्यभार, लखनऊ में धर्मशाला खोलने की तैयारी।

वाराणसी, सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक अतिथि निवास, वाराणसी का कार्यभार ग्रहण करने के बाद संस्था के अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह पटेल ने संस्था के विस्तार और सामाजिक कार्यों को गति देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि संस्था प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पी.जी.आई. के पास एक धर्मशाला (अतिथि निवास) स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को आवासीय सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि संस्था को व्यापक बनाने के उद्देश्य से अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी शाखाएं स्थापित की जाएंगी। संस्था गरीब छात्रों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता और छात्रवृत्ति प्रदान करेगी। साथ ही गरीब महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।
संस्था द्वारा जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग और सामूहिक विवाह आयोजन का भी प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा योग्य वर-वधु के चयन में सहायता के लिए मैट्रीमोनियल बुकलेट जारी की जाएगी।
राणा प्रताप सिंह पटेल ने बताया कि यह संस्था किसानों के सहयोग से स्थापित हुई है और उनके हितों के लिए सदैव कार्यरत रहेगी। किसानों को नई कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी उत्पादकता बढ़ाने के लिए कृषि वैज्ञानिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त जांच और दवा की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और समाज में उत्पीड़न के मामलों में मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए विधि प्रकोष्ठ की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि काशी एक प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल है, इसलिए अतिथि निवास को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जहां यात्रियों को 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही समाज के लोगों को व्यापार और उद्योग में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में संस्था के मंत्री अजय कुमार सिंह, उपमंत्री सच्चिदानन्द ब्रह्मचारी (ब्रह्मचारी पटेल), कोषाध्यक्ष रामआश्रय सिंह तथा कार्यसमिति के सदस्य अरुण कुमार सिंह, मनोज पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

