घमहापुर हत्याकांड: आरोपियों पर ₹50 हजार का इनाम, सूचना देने की अपील।
वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के घमहापुर में हुए मनीष सिंह हत्याकांड ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एक व्यक्ति की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने की इस जघन्य घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है।

घटना के बाद वाराणसी पुलिस ने मामले में फरार चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपियों की तस्वीरों को न्यूज़, मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अधिक से अधिक साझा किया जाए, ताकि उनकी जल्द पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके।

प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि किसी को इन आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे निर्धारित इनाम भी प्रदान किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी चाहे देश के किसी भी हिस्से में छिपे हों, उन्हें जल्द ही कानून के हवाले किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों से अपील है कि इस मामले में सहयोग कर अपराधियों को सजा दिलाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
