लोहता में ब्लूमिंग किड्स स्कूल पर कब्जे का आरोप, मां ने बेटियों पर लगाए गंभीर आरोप।
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के केराकतपुर स्थित ब्लूमिंग किड्स स्कूल को लेकर पारिवारिक विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। स्कूल संचालिका विजया सिंह ने अपनी बेटियों सांभवी सिंह और वैष्णवी सिंह पर स्कूल परिसर में जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
विजया सिंह के अनुसार, उन्होंने स्कूल के संचालन हेतु अजीत कुमार सिंह को लीज पर दिया था। इसी बीच उनकी बेटियों ने अजीत कुमार सिंह पर आपत्तिजनक आरोप लगाते हुए 25 अप्रैल और 3 मई को लोहता थाने में प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें छेड़छाड़ के आरोप भी शामिल हैं।
दूसरी ओर, सांभवी सिंह का कहना है कि उनकी मां का अजीत कुमार सिंह से पहले से संबंध है और अजीत सिंह संपत्ति हड़पने की मंशा रखता है। वहीं वैष्णवी सिंह ने स्पष्ट किया कि यह संपत्ति उनके पिता की है और उस पर दोनों बहनों का वैध अधिकार है। उन्होंने कहा कि वे कब्जा करने नहीं, बल्कि अपने अधिकार के तहत वहां रहने आई हैं।
इधर विजया सिंह का आरोप है कि उनकी बेटियों ने स्कूल के प्रिंसिपल कक्ष का ताला तोड़कर पूरे परिसर पर कब्जा कर लिया और मुख्य गेट को अंदर से बंद कर दिया। उनका यह भी कहना है कि जब अजीत कुमार सिंह और उनके सहयोगी स्कूल में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं, तो उन पर ऊपर से ईंट-पत्थर फेंके जाते हैं।
विजया सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी का कथित मंगेतर विशाल (निवासी दुर्जनपुर) कई लोगों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से आकर दबंगई करता है और माहौल को तनावपूर्ण बना रहा है।
इस पूरे विवाद की सूचना खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है। अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विवाद के चलते स्कूल में पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। अभिभावकों में भी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
विजया सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल को कथित कब्जे से मुक्त कराकर शिक्षण कार्य को पुनः सुचारू रूप से शुरू कराया जाए।
