Varanasi UP…ब्राह्मण-माझी संगम से यूपी में नई सियासी धारा बहाएगी HAM (से.) : रघु मिश्रा।

ब्राह्मण-माझी संगम से यूपी में नई सियासी धारा बहाएगी HAM (से.) : रघु मिश्रा।

मोदी-शाह-योगी के नेतृत्व में NDA की जीत ऐतिहासिक, 125 सीटों पर संगठन विस्तार का ऐलान।

वाराणसी/लखनऊ, 

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने हाल ही में संपन्न चुनावों में NDA गठबंधन की ऐतिहासिक विजय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश अब “सर्वोत्तम प्रदेश” बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

रघु मिश्रा ने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी देकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने न केवल उन पर विश्वास जताया है, बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी राजनीतिक दल ने ब्राह्मण और माझी समाज के सामाजिक समन्वय को राजनीतिक धरातल पर मजबूती से स्थापित करने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज भी पूरी एकजुटता के साथ मांझी जी के विजन पर विश्वास जताएगा और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने उन 125 विधानसभा सीटों की सूची भी जारी की, जहां ब्राह्मण और माझी/निषाद समाज का समीकरण निर्णायक भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी NDA की अनुशासित सहयोगी है और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इन सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने को तैयार है। साथ ही आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी पार्टी अधिकृत प्रत्याशी मैदान में उतारेगी।

रघु मिश्रा ने बताया कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज के लिए संस्कृत पाठशालाओं का संरक्षण, पुजारियों का सम्मान और युवाओं का उत्थान करना है, जबकि माझी समाज के लिए मत्स्य पालन पट्टों में प्राथमिकता और तटीय क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि “ब्राह्मण समाज का मार्गदर्शन और माझी समाज का पुरुषार्थ अब NDA की विजय का नया आधार बनेगा। हमारा लक्ष्य केवल एक वर्ग नहीं, बल्कि सर्व समाज, शोषितों, वंचितों और अति पिछड़ों को राजनीतिक न्याय दिलाना है।”

प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि 10 मई को बाबा विश्वनाथ के दर्शन एवं पूजन के साथ इस राजनीतिक अभियान का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

Related posts