धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। महराजगंज के बसकटा गांव में कई हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीण भीषण गर्मी में पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद इन हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।बसकटा गांव में राम लखन के घर के पास लगा एक हैंडपंप पिछले चार साल से खराब है। इस कारण मोहल्ले के लोगों को पीने के पानी की भारी किल्लत हो रही हैराजाराम, रामदयाल, पुत्तीलाल, राम प्रकाश, विनोद और मोहन जैसे स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से इसकी मरम्मत के लिए गुहार लगाई,
लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुत्तीलाल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी गुरुवार को है और हैंडपंप खराब होने के कारण उन्हें बाहर से पीने के पानी की व्यवस्था करनी पड़ी है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में कई हैंडपंपों को कागजों पर ‘रिबोर’ दिखाकर भुगतान कर दिया जाता है,
जबकि धरातल पर वे अभी भी जर्जर अवस्था में हैं।इस संबंध में जमुरवां गांव के ग्राम विकास अधिकारी सर्वोत्तम सिंह ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और वे पता करके बताएंगे। वहीं, ग्राम प्रधान पति दयाशंकर ने कहा कि इस हैंडपंप की मरम्मत के लिए कई बार कहा गया था,
लेकिन लोगों ने सबमर्सिबल पंप से पानी की व्यवस्था होने की बात कहकर रिबोर की आवश्यकता से इनकार कर दिया था।
