जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही रोडवेज बस में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय कार में एक मासूम बच्चा, महिला सहित कुल चार लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि भीषण टक्कर के बावजूद सभी कार सवार बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही हरचंदपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। कुछ देर तक मार्ग पर लंबा जाम भी लगा रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद यातायात नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
