Raybareli News: ट्रक से भिड़ी बाइक, युवक की दर्दनाक मौत पुंडा मोड़ के पास हादसा, बिना हेलमेट होने से सिर में लगी गंभीर चोट

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज और शिवरतनगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित पुंडा मोड़ के पास गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार कैड़ावां गांव निवासी 22 वर्षीय अंकित मौर्य पुत्र पप्पू मौर्य किसी काम से सेमरौता कस्बा गया था। देर रात वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सेमरौता-महराजगंज मार्ग पर पुंडा मोड़ मजरे ठोकरपुर के पास उसकी बाइक आगे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी।

परिजन युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर लेकर पहुंचे, जहांचिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। माना जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। शिवरतनगंज थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts