Chandigadh hariyana News: हरियाणा में 14 मई को 13 जिलों में होगी राज्य स्तरीय बाढ़ मॉक ड्रिल

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा आगामी 14 मई को राज्य के बाढ़ संभावित 13 जिलों में एक साथ बड़े पैमाने पर राज्य स्तरीय बाढ़ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस व्यापक अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के समन्वय की क्षमता को परखना और मजबूत बनाना है।

यह मॉक ड्रिल गुरुग्राम, अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, पलवल, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर जिलों में आयोजित की जाएगी।

राज्य सरकार के अनुसार इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवाएं, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से भाग लेंगी। मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा, ताकि किसी भी वास्तविक आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

वित्तायुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि यह व्यापक अभ्यास वर्ष 2023 और 2025 में आई बाढ़ से मिले अनुभवों के आधार पर राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और आपदा के समय जनहानि एवं नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल को गंभीरता और पूरी तैयारी के साथ आयोजित किया जाए, ताकि आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। साथ ही आम नागरिकों को भी बाढ़ के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

हरियाणा सरकार का मानना है कि समय रहते तैयारी और प्रभावी आपदा प्रबंधन रणनीति से किसी भी प्राकृतिक आपदा के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Related posts