आरोहम 2026’ में प्रतिभाओं ने बिखेरा कला का रंग।
डालिम्स सनबीम ग्लोबल स्कूल रामकटोरा में गायन-नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन।
वाराणसी। डालिम्स सनबीम ग्लोबल स्कूल, रामकटोरा में आयोजित ‘आरोहम 2026’ फिनाले कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के संस्थापक द्वय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
प्रतियोगिता के लिए तीन चरणों के ऑडिशन के बाद चयनित प्रतिभागियों ने विभिन्न वर्गों में गायन एवं नृत्य प्रस्तुत कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. ममता टंडन, पंडित भोलानाथ मिश्र एवं पंडित आनंद मिश्रा उपस्थित रहे।
विद्यालय समूह की निदेशिका श्रीमती पूजा मधोक ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि ‘आरोहम 2026’ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, सृजनात्मकता एवं टीम भावना का विकास होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा संगीत, कला एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति युवाओं में जागरूकता विकसित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
