श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ शनिजयन्ती एवं अमावस्या महाप्रसाद अन्नदान कार्यक्रम।
वाराणसी। मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, वाराणसी द्वारा आयोजित पावन शनिजयन्ती एवं अमावस्या महाप्रसाद अन्नदान कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, दानदाताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर महाप्रसाद ग्रहण किया तथा अन्नदान जैसे पुण्य कार्य में अपना सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव के पूजन-अर्चन के साथ समाजसेवा एवं अन्नदान के महत्व को भी आत्मसात किया। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को महाप्रसाद वितरित किया गया।
ट्रस्ट की अध्यक्षा उषा रानी ने सभी सहयोगकर्ताओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान शनिदेव, बाबा गौरी केदार एवं चिंतामणि महाराज की कृपा से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट भविष्य में भी समाजसेवा, अन्नदान एवं धार्मिक सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
