धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। जनपद में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्री अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री विकास चंद्र त्रिपाठी के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री संगम कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक श्री सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल श्रम तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने यातायात नियमों के पालन को लेकर भी लोगों को जागरूक किया और सुरक्षित यातायात के महत्व को समझाया। पुलिस टीम द्वारा उत्तर प्रदेश शासन की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में आमजन इन नंबरों का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 102 स्वास्थ्य सेवा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा महिलाओं एवं आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। थाना कोतवाली नगर का सीयूजी नंबर 9454403067 भी साझा किया गया ताकि जरूरत पड़ने पर लोग सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं नागरिकों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई, हालांकि किसी ने कोई विशेष समस्या नहीं बताई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है।
