धारा लक्ष्य समाचार पत्र
त्रिवेदीगंज बाराबंकी। जनपद के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में दुकान के बंटवारे को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान हुई मारपीट में भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मामला लोनीकटरा थाना क्षेत्र के नरदही गांव स्थित बाबा के पुरवा का है। पीड़ित मनोज कुमार ने बताया कि रविवार को वह अपने हिस्से की दुकान पर शटर लगवा रहा था। इसी दौरान उसके चाचा अपने दो अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान के बंटवारे को लेकर विवाद करने लगे।
मनोज का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया।
घायल मनोज को परिजनों द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने लोनीकटरा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में लोनीकटरा थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
