जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र अंतर्गत उस समय हड़कंप मच गया जब स्वयं के आंगन में चारपाई पर युवक का शव बरामद हुआ परिजनों एवं ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।मिली जानकारी अनुसार मृतक आकाश उम्र 22 पुत्र देशराज निवासी सेहगो पश्चिम गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने पिता से करीब 200 रुपये लेकर घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह जब वह घर पहुंचे।
तो उसका शव आंगन में पड़े पलंग पर मिला। बताया जा रहा है कि युवक की मोटरसाइकिल गांव के पास स्थित शराब के ठेके के निकट खड़ी मिली, जिसकी चेन टूटी हुई थी। वहीं युवक की नाक पर गहरी चोट के निशान पाए गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि जिस पलंग पर युवक का शव पड़ा मिला, वहां बिस्तर पर खून के छींटे नहीं मिले।
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक कहीं अन्य स्थान पर चोटिल हुआ या फिर उसकी हत्या कर शव को घर लाकर रख दिया गया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि मृतक आये दिन शराब के नशे में साथ रहे अपने पिता, दादी व अपने भाई के साथ मारपीट करता था।
उसके डर से परिवार के लोग अक्सर रात में रिश्तेदारों के यहां चले जाते थे। गांव के आसपास ही उनके रिश्तेदार रहते हैं।ग्रामीणों केमुताबिक परिजन कोई कानूनी कार्यवाही नहीं करना चाहते थे और शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, शव को लेकर अंतिम संस्कार के स्थान पर पहुंच भी गए थे।
परंतु इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया हैं। युवक का मोबाइल फोन भी बरामद नहीं हुआ है।
थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
