बीएचयू ट्रामा सेंटर प्रभारी सौरभ सिंह को लोकायुक्त का सम्मन,
आयुष्मान योजना में 11.61 करोड़ की अनियमितता का आरोप
वाराणसी। बीएचयू ट्रामा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह को आयुष्मान भारत योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में लोकायुक्त ने सम्मन जारी किया है। सामाजिक कार्यकर्ता राजनारायण मौर्या की शिकायत पर लोकायुक्त ने 4 जून 2026 को प्रो. सिंह समेत एसएसीएचआईएस की सीईओ अर्चना वर्मा और नोडल अधिकारी कविता मीना को दस्तावेजों सहित तलब किया है।
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत मिली करीब 11.61 करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग में गंभीर गड़बड़ी हुई। आरोप है कि सरकारी अमृत फार्मेसी की बजाय निजी फर्मों से करोड़ों की खरीदारी दिखाई गई और नियमों की अनदेखी कर भुगतान किए गए।
शिकायत में प्रो. सौरभ सिंह पर पद के दुरुपयोग, परिचितों को लाभ पहुंचाने और बेनामी संपत्ति अर्जित करने के आरोप भी लगाए गए हैं। परिवादी के अनुसार मामले की जांच आयकर विभाग भी कर रहा है।
विधि विशेषज्ञ एडवोकेट अमित श्रीवास्तव ने कहा कि लोकायुक्त द्वारा इस स्तर पर सम्मन जारी होना मामले की गंभीरता को दर्शाता है और आगे एफआईआर भी दर्ज हो सकती है।
