बनारस यूथ थियेटर के कलाकार का हुआ युवा कलाकार छात्रवृत्ति के लिए चयन।
संस्कृति, संस्कार, आस्था और आध्यात्म का केन्द्र मानी जाने वाली काशी की प्रसिद्ध कला संस्था बनारस यूथ थियेटर के कलाकार कुमार सिद्धांत का संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के उपक्रम सीसीआरटी के युवा कलाकार छात्रवृत्ति 2026 ( रंगमंच ) के लिए चयन हुआ है। यह छात्रवृत्ति 2 वर्षों तक उन्हें रंगमंच के आयामों को सीखने एवं बेहतर कलाकार बनने में सहायक भूमिका निभाएगी।
इस राष्ट्रीय छात्रवृत्ति के लिए पूरे देश से मात्र 26 आवेदकों का रंगमंच के लिए चयन किया गया है। कुमार सिद्धांत पिछले 2 वर्षों से उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे के मार्गदर्शन में अभिनय एवं रंगमंच की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति के लिए सिद्धांत का चयन होना बनारस यूथ थियेटर, वाराणसी के रंगमंच एवं उनके गुरु उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे के लिए गर्व का विषय है। पूरे देश से मात्र 26 लोगों का चयन सिद्धांत मूलतः बिहार से हैं और बनारस में पिछले 3 वर्ष से अपने भाई पुष्कर रवि के साथ रह रहे हैं। पुष्कर भी रंगमंच के कलाकार रह चुके हैं और वर्तमान में काशी हिंदू विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। कुमार सिद्धांत स्वयं भी महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से राजनीति शास्त्र में स्नातक की पढ़ाई रहे हैं और उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में बतौर अभिनेता एवं रंगकर्मी के रूप में कार्य कर रहे हैं। सिद्धांत ने बताया कि यह छात्रवृत्ति उनके अभिनय एवं रंगमंच के शिक्षण, अध्ययन एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने में अवश्य ही सहायक सिद्ध होगी और उत्कर्ष सर के मार्गदर्शन में और 2 वर्ष सीखने का अवसर प्रदान करेगी। संस्था की सचिव अर्चना निगम ने बताया कि इससे पूर्व खुद संस्था के अध्यक्ष उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे एवं उनके शिष्य कुशल दूबे का चयन इस छात्रवृत्ति के लिए हुआ था और अब कुमार सिद्धांत का चयन होना अवश्य ही बनारस यूथ थियेटर परिवार एवं उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे पूर्व संस्था के कुशल दूबे और आयुष गुप्ता का भारतेन्दु नाट्य अकादमी में भी चयन हो चुका है। पिछले माह कुशल दूबे को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा सम्मानित किया गया था। उत्कर्ष उपेन्द्र सहस्रबुद्धे खुद भी कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं एवं राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। 2023 में भारतीय संसद को संबोधित करने एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास पर भी उन्हें आमंत्रित किया जा चुका है।
