Panchkula Haryana news: पंचकूला में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों से मिले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से उनकी तैयारियों, भर्ती प्रक्रिया के अनुभव और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षा के तहत आयोजित फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) स्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होनी चाहिए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी का सामना न करना पड़े।


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने PMT साइट के बाहर बनाए गए रेस्ट एरिया का भी अवलोकन किया। यहां अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के लिए बैठने, पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री ने बाहर इंतजार कर रहे अभिभावकों से भी मुलाकात की और उनसे व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से आधुनिक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं।

Related posts