जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।चंदापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें डंपर दोनों महिलाओं को रौंदता हुआ दिखाई दे रहा है।
हादसा सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर अमांवा स्थित स्वामी दयानंद इंटर कॉलेज के पास फौजी ढाबा के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि मोहनगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा डंपर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जा रही दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े।
हादसे में पूरे भगवानदीन मजरे घूराडीह निवासी श्रीमती, पत्नी काशी प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही चंदापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
