प्रो. अनिल कुमार को भावभीनी विदाई, शिक्षकों ने बताया विज्ञान संकाय की धरोहर
वाराणसी, हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षक संघ एवं विज्ञान संकाय के संयुक्त तत्वावधान में रसायन विज्ञान विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अनिल कुमार के सम्मान में विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने उनके अकादमिक, शोध एवं संगठनात्मक योगदान को ऐतिहासिक बताते हुए उन्हें विज्ञान संकाय की धरोहर बताया।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. संजय कुमार सिंह, महामंत्री डॉ. दर्शन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रो. कुमार के सौम्य व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और छात्रहित में किए गए कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में प्रो. अनिल कुमार भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय उनके लिए परिवार की तरह रहा है और यहां से मिला स्नेह उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। समारोह में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक प्राध्यापक उपस्थित रहे।
