गीता चेतना यात्रा का भव्य शुभारंभ, युवाओं में दिखा उत्साह।
गीता के संदेश से समाज में आएगा सकारात्मक परिवर्तन : गौरव मिश्र
वाराणसी। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर कर्मयोगी पीठ द्वारा आयोजित 21 दिवसीय “गीता चेतना यात्रा” का प्रथम पड़ाव रविवार को अत्यंत भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन गिरधरपुर (व्यासपुर ग्रामसभा) स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं मातृशक्ति की सहभागिता देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में गीता संदेश और जय श्रीकृष्ण के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रमुख संयोजक कर्मयोगी गौरव मिश्र ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि जहां गीता पहुंचती है, वहां समाज में परिवर्तन की क्रांति शुरू हो जाती है। गीता मनुष्य को निराशा से निकालकर आत्मविश्वास, कर्तव्य और विजय का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता प्रबंधन, राष्ट्र चेतना और चरित्र निर्माण का दिव्य मार्गदर्शन है तथा आज की युवा पीढ़ी को गीता के आदर्शों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पं. रामजी व्यास ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जिस समाज में गीता का अध्ययन और चिंतन जीवित रहता है, वहां संस्कार, सद्भाव और धर्म की ज्योति कभी मंद नहीं पड़ती। गीता मानव जीवन को सत्य और कर्तव्य का प्रकाश देती है।
इस अवसर पर केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है। यदि युवा गीता के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतार लें तो समाज में अपराध, निराशा और भटकाव स्वतः समाप्त हो सकता है।
यात्रा के दौरान गीता के श्लोकों, भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं ने इस अभियान को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को गीता वितरित की गई तथा “गीता चेतना” के नाम से पौधारोपण भी किया गया।
पूर्वी क्षेत्र संयोजक श्यामकार्तिक ने बताया कि यात्रा का द्वितीय विश्राम स्थल श्री संतोष ब्रह्म बाबा मंदिर, भगतुआ बाजार (वाराणसी) रहेगा, जहां अगला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता उमेश दत्त पाठक, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष हीरालाल जायसवाल, विश्व सनातन चेतना महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण उपाध्याय, शिवा हिन्दू मंडल, भाजपा मंडल मंत्री मयंक चौबे, भाजपा मंडल महामंत्री शशि किरण उपाध्याय, डिम्पल, मंडल उपाध्यक्ष अरविंद पाठक, शिवशरण सिंह, दीपक मिश्र, शुभम जायसवाल, मार्कण्डेय त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
