प्रभारी मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने पर दिया जोर
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार दायित्व, जनसहभागिता और प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने जनकल्याण, सुशासन और विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनकी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों का आयोजन जनपद, तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से किया जाए तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के अंतर्गत लाभार्थी सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, संगोष्ठियां, जनजागरूकता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, योग कार्यक्रम तथा युवा एवं महिला समूहों की सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे, जिससे अन्य पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं का लाभ लेने की प्रेरणा मिल सके।
प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को विशेष रूप से सफल बनाने पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा सभी व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
बैठक में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, सांसद अशोक रावत, एमएलसी पवन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विभिन्न विधायक, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
