Raybareli News: मारपीट मामले में नया मोड़: सभासद का कथित वीडियो वायरल, जांच के घेरे में आया पूरा विवाद

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के चकधौरहरा में हाल ही में हुए मारपीट प्रकरण ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले में शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से सभासद सुनीता पाल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद फिर चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व चकधौरहरा में सभासद सुनीता पाल और दूसरे पक्ष के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया था।

इस मामले में सभासद की तहरीर पर मिल एरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और मामले की विवेचना जारी है।इसी बीच शुक्रवार सुबह एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मारपीट की घटना से पहले का है। वायरल वीडियो में सभासद सुनीता पाल दूसरे पक्ष के लोगों से तीखी बहस करती दिखाई दे रही हैं।

वीडियो में उनके द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।गौरतलब है कि इससे पहले मारपीट की घटना का एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से झड़प दिखाई दी थी। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठने लगे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और दोषी पक्ष के विरुद्ध उचित कार्रवाई हो सके।वहीं मिल एरिया पुलिस का कहना है कि मारपीट मामले की विवेचना जारी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,

उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल वायरल वीडियो और मारपीट प्रकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है तथा सभी की निगाहें पुलिस जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं।

Related posts