राहुल गांधी के निर्देश पर सर्वोदय विद्यालय पहुंचे कांग्रेस नेता, छात्रों की समस्याओं का लिया जायजा

भोजन की गुणवत्ता, बिजली, शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं को लेकर छात्रों ने रखी अपनी बात।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां/रायबरेली। क्षेत्र के शेखपुर समोधा स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में छात्रों द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल विद्यालय पहुंचा। सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य रमेश शुक्ला, ब्लॉक महाराजगंज नगर अध्यक्ष अंकुर जायसवाल,अध्यक्ष अवधेश चौधरी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

नेताओं ने छात्रावास और विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर छात्रों से सीधे संवाद किया।छात्रों ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से बिजली व्यवस्था प्रभावित है। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। छात्रों का आरोप है कि कई बार खाने में कीड़े मिलने की घटनाएं हो चुकी हैं, जबकि हाल ही में भोजन में कांच के टुकड़े मिलने की शिकायत भी की गई थी।

छात्रों ने शिक्षकों की कमी, पाठ्य सामग्री उपलब्ध न होने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मुद्दा भी उठाया।

कांग्रेस नेताओं ने छात्रों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग की प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छात्रों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने छात्रों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।गौरतलब है कि छात्रों द्वारा हाल ही में अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था।

छात्रों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे उनमें नाराजगी बनी हुई है।

Related posts