मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 248 जोड़ों का विवाह सकुशल संपन्न।

विधायक सलोन व सीडीओ ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह आयोजन में शामिल होकर नव वैवाहिक जोड़ों को दिया आशीर्वाद।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 11 सितम्बर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विकास खंड छतोह के निनावां मैदान में शुक्रवार को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 248 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सलोन अशोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।समारोह में पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी नवयुगलों को सात फेरे दिलाए गए और पारंपरिक विधि-विधान से विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं। सामूहिक विवाह में विकास खंड सलोन के 62, छतोह के 87, डीह के 79, नगर पंचायत सलोन के 9, नसीराबाद के 5 तथा परशदेपुर के 6 जोड़े शामिल हुए।कार्यक्रम में विधायक अशोक कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए।

उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। साथ ही सभी नवदंपतियों को वस्त्र, डिनर सेट, ट्रॉली बैग सहित अन्य उपयोगी घरेलू उपहार भी भेंट किए गए।

विधायक अशोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह भी सम्मानपूर्वक, सामाजिक और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हो। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है और समाज में समानता तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती है।

मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में शामिल इस महत्वपूर्ण योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग के साथ सामाजिक सम्मान भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुभकामनाएं देते हुए परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पांडेय ने किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और नवविवाहित जोड़ों के परिजनों में भी खासा उत्साह नजर आया।

Related posts