Raybareli News: आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

उत्साह और अनुशासन के साथ मनाएं सभी त्योहार : डीएम।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। आगामी मुहर्रम, श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, शिवरात्रि, आस्तिक देव मेला, स्वतंत्रता दिवस, नाग पंचमी, रक्षा बंधन, गंगा स्नान एवं जन्माष्टमी सहित विभिन्न त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ की।

बैठक में विभिन्न धार्मिक संगठनों के धर्मगुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान निर्धारित स्थलों एवं जुलूस मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी आयोजन स्थलों एवं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। नगर पालिका एवं नगर पंचायतों को साफ-सफाई, जलभराव और सड़कों पर गड्ढों की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि सभी विद्युत लाइनों की जांच कर ढीले एवं नीचे लटके तारों को ठीक कराया जाए,

जिससे कांवड़ यात्रा और जुलूसों के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी धर्मों के लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार मनाया जाए तथा किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए।

किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करने को कहा गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि सभी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। त्योहारों के दौरान अस्त्र-शस्त्रों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूसों एवं कांवड़ यात्राओं में भड़काऊ अथवा अश्लील गीत-संगीत बजाने की अनुमति नहीं होगी।उन्होंने बताया कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु, मौलवी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, संभ्रांत नागरिक एवं विभिन्न धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts