Raybareli News: कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर उठे सवाल, महराजगंज में श्रद्धांजलि और विरोध मार्च

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के विरोध में महराजगंज में कैंडल मार्च, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठी मांग।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली), 25 जून। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड के विरोध में गुरुवार शाम महराजगंज कस्बे में व्यापारियों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने कैंडल मार्च निकालकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।शाम करीब 7 बजे बर्मा मार्केट से शुरू हुआ कैंडल मार्च मुख्य चौराहे तक पहुंचा, जहां लोगों ने हादसे में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के प्रति शोक व्यक्त किया। हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लिए करीब 300 लोगों ने मार्च में भाग लिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “फायर एनओसी अनिवार्य करो” और “अवैध कोचिंग संस्थान बंद करो” जैसे नारे लगाकर प्रशासन का ध्यान सुरक्षा व्यवस्थाओं की ओर आकर्षित किया। लगभग 20 मिनट तक मुख्य बाजार भी बंद रहा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए।

व्यापार मंडल संरक्षक एवं भाजपा प्रांतीय परिषद सदस्य मातादीन पासी तथा नगर अध्यक्ष रिंकू जायसवाल ने मांग की कि बिना फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र संचालित हो रही कोचिंग संस्थाओं को तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने सभी कोचिंग संस्थानों में कम से कम दो आपातकालीन निकास द्वार अनिवार्य किए जाने,

हादसे के जिम्मेदार संचालकों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा जिले के सभी कोचिंग संस्थानों का 72 घंटे के भीतर फायर ऑडिट कराने की मांग उठाई।इस अवसर पर बाबा दानेश्वर मंदिर के पुजारी बबलू श्रीवास्तव ने कहा कि लखनऊ की घटना पूरे प्रदेश के लिए चेतावनी है और इससे सबक लेने की आवश्यकता है।

वहीं समाजसेवी प्रिंसू वैश्य ने कहा कि बड़े शहरों में बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संकरी गलियों और असुरक्षित भवनों में संचालित हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन अक्सर किसी बड़े हादसे के बाद ही सक्रिय होता है। उन्होंने सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की मांग की।समाजसेवी हरिशंकर त्रिवेदी ने उम्मीद जताई कि इस जनआंदोलन के बाद प्रशासन क्षेत्र के सभी कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी जांच कराएगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

कैंडल मार्च में सूर्य प्रकाश वर्मा, अलीम कुरैशी सभासद,अंकुर वैश्य, मुकेश मोदनवाल, बबलू वैश्य, संतोष मौर्य, रोहित वर्मा, सोनू वर्मा, आशीष सोनी, अधिवक्ता ,बृजेश सोनी, राजा टेलर, पल्लू विश्वकर्मा, विनीत जायसवाल, आलोक विश्वकर्मा, आशीष विश्वकर्मा, विनोद वैश्य, दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts