Raybareli News: समय रहते पहुंची पुलिस,फंदे पर लटका युवक, पुलिस की तत्परता से बची जान

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज क्षेत्र के पहरांवा गांव में मंगलवार शाम एक युवक ने कथित झूठे प्रेम प्रसंग के आरोप से आहत होकर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता के बीच सूचना मिलते ही पहुंची चंदापुर थाना पुलिस ने गंभीर हालत में युवक को अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पहरांवा गांव निवासी अरुण कुमार मंगलवार शाम करीब चार बजे अपने कमरे में था। बताया गया कि वह कथित झूठे प्रेम प्रसंग के आरोप को लेकर मानसिक तनाव में था। इसी बीच उसने कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया।कमरे से खटपट की आवाज सुनकर उसकी बहन सविता मौके पर पहुंची। भाई को फंदे पर लटका देख उसने शोर मचाया।

आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल युवक को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही चंदापुर थाना पुलिस बिना देर किए मौके पर पहुंची। युवक की हालत गंभीर देखते हुए पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी सरकारी गाड़ी से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समय पर उपचार मिलने से युवक की जान बच सकी।

चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि युवक के फंदे पर लटकने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts