पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई, विभिन्न थानों के मामलों से जुड़े जब्त मादक पदार्थों का मानक के अनुरूप निस्तारण
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 30 जून। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में दर्ज अभियोगों से संबंधित कुल 2153.111 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में मा. न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की गई। ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में पहले 11 मई 2026 को1225.000 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया था। इसके बाद 30 जून 2026 को 928.111 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का भी मानक के अनुरूप विनिष्टीकरण कराया गया। इस प्रकार कुल 2153.111 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार की निगरानी में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण कराया।अवैध मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण मेसर्स फेरोसंग इनवायरो सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, ग्राम रसूलपुर, परगना सलोन, तहसील ऊंचाहार स्थित कॉमन बायो-मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट एंड डिस्पोजल फैसिलिटी (CBWTF) के इन्सीनरेटर के माध्यम से किया गया।
पुलिस विभाग ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित करना तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
