धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। तहसील हैदरगढ़ में नवागत उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने कार्यभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में सक्रियता दिखाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आवश्यक बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए। वही अधिवक्ता कुलदीप कुमार शर्मा के के द्वारा नवागढ़ अपजिला अधिकारी को बुके देकर स्वागत किया ।
बैठक के दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों की समीक्षा तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर तहसील के राजस्व अधिकारी, नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल, अमीन संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत उप जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में बेहतर प्रशासनिक कार्य व्यवस्था संचालित करने का भरोसा दिलाया।
