टक्कर मारने के बाद दंपती और बेटी पर लाठी-डंडों से हमला, पति गंभीर।
जिला रिपोर्टर
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के तिवारी का पुरवा मजरे अखऊपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन लोगों ने पहले परिवार की बाइक में पीछे से टक्कर मारी, फिर पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी को लाठी-डंडों से पीट दिया। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता नीता के अनुसार, घटना एक जुलाई को बरवलिया चौराहे के पास हनुमान मंदिर के निकट हुई। वह अपने पति राम सेवक और बेटी सलोनी के साथ बाइक से जा रही थीं। तभी अखऊपुर निवासी गंगा सेवक, राजू और रमेश बाइक से पहुंचे और उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर पड़े।
आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में राम सेवक के दोनों पैरों और एक हाथ में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को पहले लालगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां राम सेवक की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
पीड़िता का कहना है कि खीरों थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
