जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। प्रदेश सरकार के बृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रविवार को नगर पंचायत महराजगंज में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने पौधा रोपकर किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बताते हुए प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान में नगर पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों, सभासदों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि मानव जीवन के लिए प्राणवायु, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संसाधनों का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में हरित उत्तर प्रदेश बनाने का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नगर निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जाए ताकि पौधारोपण अभियान का उद्देश्य सफल हो सके।नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में सभासद नूरुल, धर्मेंद्र, विनीत, जमुना, अलीम, नामित सभासद विजय धीमान, सूर्य प्रकाश वर्मा सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर सैकड़ों पौधे लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और नगर को प्रदूषण मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
