डीआरडीओ, बीएचईएल, रेलवे समेत प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित 44 प्रशिक्षुओं को मिला सम्मान
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सीतापुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी एवं नगर विकास राज्यमंत्री के प्रतिनिधि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न आईटीआई संस्थानों के प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार तकनीकी मॉडल एवं कौशल प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनकी सराहना की गई।
कार्यक्रम में आयोजित विशेष व्याख्यान के दौरान उद्योग विशेषज्ञों ने युवाओं को डिजिटल स्किल, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), आधुनिक औद्योगिक तकनीक, उद्यमिता एवं रोजगार के बदलते अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी दक्षता और निरंतर कौशल विकास ही रोजगार और सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
इस अवसर पर डीआरडीओ, बीएचईएल, रेलवे, बीआरओ सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित तथा स्वरोजगार स्थापित करने वाले 44 प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से हर युवा अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है तथा प्रशिक्षुओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान की प्रधानाचार्य डॉ. नुपूर कश्यप ने कहा कि विश्व युवा कौशल दिवस युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बनाने का संकल्प है। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री के प्रतिनिधि ऋषभ राठौर, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोड, उद्योग प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, एम. खान सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
