कम पानी, कम लागत और अधिक उत्पादन से किसानों की बढ़ रही आय, ड्रिप सिंचाई अपनाने पर दिया जोर
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को विकास खंड हरगांव के ग्राम खमौना में लीची के बागों का निरीक्षण कर ड्रिप सिंचाई प्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर आधुनिक तकनीकों के उपयोग से हो रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने प्रशांत मिश्रा और हरीश मिश्रा के अल्ट्रा हाई डेंसिटी पद्धति पर विकसित लीची बागों का अवलोकन किया। किसानों ने बताया कि ड्रिप सिंचाई अपनाने से पानी की बचत हो रही है, श्रम लागत घटी है, खरपतवार की समस्या कम हुई है तथा बेहतर फ्लावरिंग के कारण उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
राज्यमंत्री ने किसानों से विभाग द्वारा दी जा रही अनुदान योजनाओं और ड्रिप सिंचाई के लाभों पर चर्चा की। उन्होंने बागों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा इंटरक्रॉपिंग अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने की सलाह दी।
उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि जन चौपाल और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को ड्रिप सिंचाई अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि जल संरक्षण के साथ कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
