धारा लक्ष्य समाचार पत्र
धारा लक्ष्य समाचार
बाराबंकी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ कथित अभद्रता के विरोध में बुधवार को बाराबंकी में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने छात्रावास से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के अधिकारों को लेकर अपनी नाराजगी जताई। मार्च के दौरान “छात्रों का सम्मान करो”, “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “छात्रों पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित अभद्रता की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की गई।
इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना सभी नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
भीम आर्मी नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं लिया गया और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो संगठन देशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बाराबंकी सहित प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके बाद कार्यकर्ता ज्ञापन सौंपकर वापस लौट गए।
