कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम, पात्र शिक्षकों व आश्रितों को मिलेगा सालाना ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 26 जुलाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत उच्च शिक्षा विभाग के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इसी क्रम में रायबरेली कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सभी ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और उनके संबोधन को सुना।इस दौरान जनपद के उच्च शिक्षा विभाग के 30 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। योजना के तहत पात्र शिक्षकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य प्रीति तिवारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी, अनुज मौर्या तथा उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षक उपस्थित रहे।
