रहस्यमयी सुरंग की गुत्थी सुलझाएगी ASI: ओई गांव में जमीन धंसने से दिखी प्राचीन दीवारनुमा संरचना

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। हरचंदपुर क्षेत्र के ओई गांव में जमीन धंसने से सामने आई रहस्यमयी सुरंगनुमा संरचना अब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की जांच के दायरे में है। निजी भूमि पर अचानक बने गहरे गड्ढे के भीतर पक्की दीवार जैसी प्राचीन संरचना दिखाई देने के बाद पूरे इलाके में कौतूहल का माहौल है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्थल को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है और लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी है।जानकारी के अनुसार, ओई गांव में एक निजी खेत में करीब एक मीटर परिधि में अचानक जमीन धंस गई।

ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो गड्ढे के भीतर सुरंग जैसी आकृति और पक्की दीवारनुमा संरचना दिखाई दी। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।जिलाधिकारी के निर्देश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसडीएम महाराजगंज चन्द्र प्रकाश गौतम ने बताया कि विशेषज्ञों ने स्थल का बारीकी से परीक्षण किया है। अब ASI की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि यह सामान्य भू-धंसाव है या इसके नीचे कोई ऐतिहासिक अवशेष अथवा पुरातात्विक संरचना मौजूद है।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराई है तथा पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा घेरा पार न करें और बच्चों को भी मौके के पास न जाने दें,

ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।फिलहाल ओई गांव की यह रहस्यमयी सुरंग पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सभी की निगाहें ASI की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Related posts