जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। कस्बे के राजा चंद्र चूड़ सिंह विद्यापीठ इंटर कॉलेज में व्याप्त विभिन्न अव्यवस्थाओं से परेशान दर्जनों छात्र सोमवार पूर्वाह्न करीब 10:15 बजे तहसील पहुंच गए और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय की समस्याओं के समाधान की मांग की। एसडीएम कार्यालय के बाहर एक साथ बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने से कुछ देर के लिए प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई।
सूचना मिलते ही तहसीलदार मंजुला मिश्रा स्वयं अपने कक्ष से बाहर आकर छात्रों से मिलीं और उनकी शिकायतें सुनीं।छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर बारिश का पानी लंबे समय से भरा रहता है, जिससे रोजाना विद्यालय आने-जाने में भारी परेशानी होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई।
छात्रों का कहना था कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है तथा पीने के लिए उपलब्ध कराया जाने वाला पानी भी साफ नहीं होता, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।
छात्रों ने यह भी बताया कि विद्यालय में विज्ञान विषय की कक्षाएं कई महीनों से नियमित रूप से संचालित नहीं हो रही हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका कहना था कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए विज्ञान विषय की नियमित पढ़ाई आवश्यक है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
छात्रों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समस्याओं की जानकारी देने या शिकायत करने पर उनसे अभद्र भाषा में बात की जाती है और उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। इससे छात्रों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने और प्राचार्य के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
तहसीलदार मंजुला मिश्रा ने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। छात्रों को वापस विद्यालय भेज दिया गया है तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।शिकायत करने वालों में अनुभव सिंह, अभिषेक, अमित, राजेंद्र कुमार, राहुल कुमार, नितिन मौर्य,
सक्षम मिश्रा, सोमनाथ साहू, प्रशांत शुक्ला, अंशु यादव, सूर्यांश मिश्रा, आदर्श यादव, सचिन, आशीष, आदित्य पाल, नितिन गुप्ता, प्रिशु, सुमित, शिवम और चंद्रेश यादव सहित अन्य छात्र शामिल रहे।
