जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/लालगंज। कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुर अलौली गांव में मंगलवार को सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। रमेश यादव पुत्र हनुमान यादव मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अपने बछड़े को गौशाला छोड़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, टक्कर मारकर फरार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
