आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के डीएम के निर्देश, पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जनपद में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों का चिन्हांकन करते हुए कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों का कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

इसके लिए आशा, एएनएम, पंचायत स्तर के कार्मिकों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया और योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी जाए।डीएम ने विकासखंड एवं ग्राम पंचायतवार आयुष्मान कार्ड निर्माण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्ड निर्माण में आने वाली तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार रावत, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts