जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। महराजगंज थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित पति और सास को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की मां ने 1 अगस्त 2026 को महराजगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल पक्ष के लोग लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 31 जुलाई 2026 को ससुराल पक्ष ने विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर महराजगंज पुलिस ने मुकदमा संख्या 101/2026 धारा 85(2), 80(2) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर कैर नाला के पास से वांछित आरोपी अनिल गुप्ता (पति) एवं कान्ती देवी (सास), निवासी ग्राम कैर, थाना महराजगंज को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया,
जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रेम कुमार, आरक्षी अरुण यादव तथा महिला आरक्षी रक्षा देवी शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।
