जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज थाना क्षेत्र के मकरंदपुर जमुरांवा गांव में रविवार को एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव ससुराल के कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान मनीषा (28), पत्नी राज बहादुर यादव, के रूप में हुई है।
मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के चाचा संत प्रसाद यादव ने पुलिस को दी तहरीर में पति, सास, ससुर और ननदों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होने के बाद तहरीर के अनुसार सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
