डीह थाना क्षेत्र के लोधवारी गांव में संयुक्त छापेमारी, खनन माफियाओं में मचा हड़कंप।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डीह थाना क्षेत्र के लोधवारी गांव में एसडीएम सदर के निर्देश पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध खनन में प्रयुक्त दो जेसीबी मशीनें और पांच डंपर जब्त कर लिए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन को लंबे समय से लोधवारी गांव में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मौके पर चल रहे खनन कार्य को तत्काल बंद करा दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, जिससे कोई भी वाहन मौके से नहीं निकल सका।कार्रवाई के दौरान जब्त की गई।
दोनों जेसीबी मशीनों और पांचों डंपरों को डीह थाने लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ खनन अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
