जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के मोन गांव में एक किसान की दुधारू भैंस की संदिग्ध परिस्थितियों में ज़हरीले जीव के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक के परिवार में मायूसी छा गई और उसका रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रेमलाल शनिवार शाम रोज़ की तरह अपनी दुधारू भैंस को बाड़े में बांधकर सो गए थे। रविवार सुबह जब वह पशुओं को देखने पहुंचे तो भैंस मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था,
जिससे सर्पदंश अथवा किसी अन्य विषैले जीव के काटने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलने पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश चंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृत भैंस का पोस्टमार्टम कराया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी अत्यधिक विषैले जीव के काटने से मौत होने की संभावना प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
डॉ. उमेश चंद्र ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर शासन की प्रचलित योजनाओं के तहत पात्रता के अनुसार पशुपालक को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही उन्होंने पशुपालकों से बरसात के मौसम में पशुबाड़ों की नियमित साफ-सफाई रखने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की अपील की, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचाव किया जा सके।
