खैरा मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, महिला समेत चार घायल; तीन जिला अस्पताल रेफर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के रायबरेली रोड स्थित खैरा मोड़ के पास मंगलवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया,

जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, खोर गांव निवासी उमाकांत तिवारी अपने भतीजे अमन तिवारी के साथ बाइक से महराजगंज से रायबरेली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खैरा मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक गौरीगंज हरदासपुर निवासी सुरेंद्र पुत्र राम नेवाज चला रहे थे, जिनके साथ उनकी पत्नी निशा और विद्यावती सवार थीं।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज लाया गया।सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. संजय राय ने प्राथमिक उपचार के बाद अमन तिवारी, सुरेंद्र तथा निशा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया,

जबकि उमाकांत तिवारी का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Related posts