दहेज हत्या के मुकदमे में महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीनों आरोपी भेजे गए जेल।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। थाना महराजगंज क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद दर्ज दहेज हत्या के मुकदमे में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सबूतों के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मकरंदपुर मजरे जमुरावां निवासी मनीषा यादव (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका के पिता संत प्रसाद यादव, निवासी पूरे देवरी मजरे ओया, थाना चंदापुर, ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसी के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
उनकी तहरीर पर थाना महराजगंज में पति, सास, ससुर सहित अन्य लोगों के विरुद्ध मु0अ0सं0 103/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की।
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नैया नाला स्थित सधई का पुरवा पुल के पास से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव (ससुर), राजबहादुर (पति) और धीराजा (सास) निवासी मकरंदपुर मजरे जमुरावां, थाना महराजगंज शामिल हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
दहेज हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इससे दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई किए जाने का स्पष्ट संदेश गया है।
