जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र ने तहसीलदार लालगंज शिवम राठौर एवं जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय के साथ लालगंज तहसील स्थित गेगासो घाट का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों, बाढ़ शरणस्थलों (फ्लड शेल्टर), बाढ़ चौकियों, चेतावनी एवं सूचना तंत्र, नावों और बचाव उपकरणों की उपलब्धता सहित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।एडीएम सहदेव मिश्र ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि नदी के जलस्तर पर 24 घंटे लगातार निगरानी रखी जाए।
जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को सूचना उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी बाढ़ शरणस्थलों और बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा नाव, गोताखोर, राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने घाटों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने तथा लोगों को तेज बहाव और गहरे पानी में जाने से लगातार जागरूक करने पर भी जोर दिया।
एडीएम ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें और जन-धन की हानि को रोका जा सके।
