40 लीटर कच्ची शराब बरामद 400 किलो लहन मौके पर कराया नष्ट, दो मुकदमे दर्ज।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार को आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 400 किलो लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए हैं।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 प्रशांत कुमार के नेतृत्व में टीम ने सदर तहसील के थाना मिल एरिया अंतर्गत ग्राम राही ग्राम सभा तथा थाना गुरुबक्सगंज क्षेत्र के कोरिहर गांव में दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बनाने के अड्डों और संदिग्ध घरों की सघन तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में कच्ची शराब और लहन बरामद हुआ।
आबकारी विभाग ने बरामद 40 लीटर अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेकर लगभग 400 किलो लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आबकारी विभाग ने कहा है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
